30 सितंबर तक पूरा करें कन्वेंशन सेंटर का काम- निगम कमिश्नर…..स्मार्ट सिटी एमडी एवं निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया….

बिलासपुर– बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एमडी एवं नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शुक्रवार को कोनी स्थित निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए शेष कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण करने तथा कन्वेंशन सेंटर का काम 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए। निरीक्षण के दौरान श्री सर्वे ने निर्माण के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और शेष कार्यों की जानकारी ली। कन्वेंशन सेंटर का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने फिनिशिंग सहित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

शहर का पहला कन्वेंशन सेंटर…..

बिलासपुर शहर को जल्द ही एक सर्वसुविधायुक्त कन्वेंशन सेंटर की सौगात मिलने जा रही है जहां सभा,संगोष्ठी, प्रदर्शनी,कला एवं साहित्य से जुड़ी हुई गीत-संगीत एवं नाटकों का मंचन किया जा सकेगा, इस कन्वेंशन सेंटर में छात्रों के लिए 500 सीटर लाइब्रेरी,कोचिंग,ऑफिस,ट्यूटोरियल संस्थानों के लिए स्थान भी रहेगा। इसके अलावा 700 सीटर ऑडिटोरियम के साथ यह शहर का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम बनने जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा इस प्रोजेक्ट को मूर्त रूप दिया जा रहा है। कोनी में गुरू घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी गेट के पास मैदान में बने इस कन्वेंशन सेंटर से बिलासपुर का नाम भी उन बड़े शहरों में शामिल हो जाएगा जहां बड़े आयोजनों के लिए कन्वेंशन सेंटर है। लगभग सवा एकड़ में 29 करोड़ 51 लाख रूपये की लागत से बनाएं गए इस सेंटर में वो तमाम सुविधाएं मौजूद होगी जो बड़े शहरों के कन्वेंशन सेंटर में है। सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए है,अंतिम फिनिशिंग कार्य जारी है।

एजुकेशन हब के नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लॉक का भी निरीक्षण…..

इसके बाद निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने मधुबन क्षेत्र में विकसित किए जा रहे एजुकेशन हब के अंतर्गत निर्माणाधीन नालंदा परिसर एवं एकेडमिक ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, वर्तमान स्थिति एवं शेष कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। श्री सर्वे ने निर्माणाधीन भवनों के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए कहा कि एजुकेशन हब शहर के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अधोसंरचना के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसलिए निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के साथ-साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Back to top button