स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा… भाजपा सरकार पर महंगी बिजली वसूली का आरोप…..बिलासपुर में बैठक के बाद वार्ड-पंचायत स्तर पर अभियान तेज….. मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी…..

बिलासपुर–शहर जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का फैसला लिया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ जैसे सरप्लस बिजली वाले राज्य में उपभोक्ताओं से महंगी बिजली के नाम पर कई गुना अधिक राशि वसूली जा रही है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान 400 यूनिट तक बिजली पर उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी, लेकिन भाजपा सरकार में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कई उपभोक्ताओं से पहले की तुलना में चार, आठ और दस गुना तक अधिक राशि वसूली जा रही है।बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर बदलने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान को तेज करने की बात कही गई। कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड, पंचायत, गांव और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से आवेदन ले रहे हैं। पार्टी का कहना है कि स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर अब इसे जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।बैठक में महिला कांग्रेस छत्तीसगढ़ महामंत्री शिल्पी तिवारी, तिफरा ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, ब्लॉक अध्यक्ष तजम्मुल हक सहित कांग्रेस के वरिष्ठ दिग्गज नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि एक तरफ महतारी वंदन योजना के जरिए जनता को राशि दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ बिजली बिल के जरिए लोगों से अधिक पैसा वसूला जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली विभाग मुख्यमंत्री के पास है, इसलिए स्मार्ट मीटर के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा। पार्टी ने चेतावनी दी कि जब तक स्मार्ट मीटर बदलने और बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बिलासपुर की बैठक के बाद कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जमीनी अभियान तेज करने का ऐलान किया है। कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा और बिजली विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि सरकार कांग्रेस के इस आंदोलन और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग पर क्या कदम उठाती है

Related Articles

Back to top button