
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवक को बदनाम करने की साजिश बेनकाब…… आरोपी युवती गिरफ्तार….. अश्लील संदेश भेजकर खुद ही दर्ज कराई थी शिकायत…….तकनीकी जांच में खुला पूरा राज…..
बिलासपुर–एक तरफा जहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हुए सकारात्मक परिणाम की तरफ बढ़ रहे है तो वहीं कुछ लोग इसका गलत इस्तेमाल करते हुए अपने स्वार्थ को पूरा करने और बदले की नियत से नकारात्मक दिशा की तरफ बढ़कर एक घिनौनी हरकत को अंजाम देने में लगे हुए है।इसी तरह का एक मामला सामने आया है जहां पर एक युवती ने अपने पुराने प्रेमी साथी को फंसाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करते हुए एक कहानी गाड़ी और और वह उसी में फंस गई।जानकारी के अनुसार तोरवा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने एक युवक के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील और धमकीपूर्ण संदेश प्रसारित किए तथा बाद में उन्हीं संदेशों के स्क्रीनशॉट दिखाकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, तिफरा निवासी संजय रात्रे की शिकायत पर अपराध दर्ज कर साइबर तकनीकी जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि युवक के नाम से संचालित फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट का संचालन प्रीति सूर्यवंशी (26) द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि उसने फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवक की सामाजिक छवि खराब करने का प्रयास किया।
विवेचना के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि जनवरी 2026 में प्रीति सूर्यवंशी ने स्वयं थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय रात्रे के नाम से चल रही इंस्टाग्राम आईडी से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। लेकिन डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच में पाया गया कि संबंधित आईडी का संचालन भी स्वयं प्रीति ही कर रही थी और उसने खुद को संदेश भेजकर उनके स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे थे।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि दोनों पूर्व में परिचित थे और उनके बीच प्रेम संबंध रहे हैं। उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों की जांच जारी है और विस्तृत विवेचना की जा रही है।




