ऑस्ट्रेलिया से सोना लाने का झांसा देकर महिला से 48 हजार की साइबर ठगी..भाई के दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की फर्जी कहानी गढ़कर ठगों ने ऐंठे 48,350 रुपये, पुलिस जांच में जुटी….

बिलासपुर–साइबर ठग लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां ऑस्ट्रेलिया से सोना लाने और दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़े जाने की झूठी कहानी गढ़कर ठगों ने एक महिला से 48 हजार 350 रुपये की ठगी कर ली। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सिंधी मोहल्ला गोडपारा निवासी पूनम ठारवानी को 17 जून की सुबह व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए महिला को विश्वास में लेने लगे। ठगों ने कहा कि उनका भाई ऑस्ट्रेलिया से बड़ी मात्रा में सोना लेकर भारत आया था, जिसे दिल्ली एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने पकड़ लिया है।
आरोपियों ने महिला को बताया कि उसके भाई को छोड़ाने और कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए तत्काल पेनाल्टी राशि जमा करनी होगी। भाई की चिंता में महिला ठगों की बातों में आ गई और उनके बताए अलग-अलग यूपीआई खातों में पहले 30 हजार रुपये और फिर 18 हजार 350 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रुपये मिलने के बाद भी ठगों ने और पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार बढ़ती मांग से महिला को संदेह हुआ। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर अपने परिजनों से संपर्क किया। बातचीत के दौरान पता चला कि उसके भाई के साथ ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं है। तब महिला को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के भाई ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबरों, यूपीआई आईडी और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।

अपील……
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या मैसेज के जरिए पैसे मांगने पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। यदि कोई व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर तत्काल रकम जमा कराने का दबाव बनाए तो पहले संबंधित व्यक्ति या परिजनों से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।
फिलहाल पुलिस साइबर ठगों की तलाश में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि अनजान कॉल और भावनात्मक दबाव बनाकर की जाने वाली ठगी से बचने के लिए सतर्कता और सत्यापन ही सबसे बड़ा बचाव है।

Related Articles

Back to top button