
पंजाबी संस्था की अभिनव पहल….. जरूरतमंद छात्रा को स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई…
बिलासपुर–बिलासपुर की अग्रणी समाज-सेवी पंजाबी संस्था, बिलासपुर जरूरतमंद स्कूली छात्र-छात्राओं के बेहतर शैक्षणिक विकास को दृष्टिगत रखते हुए उनकी स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करती रही है . रविवार को पंजाबी संस्था भवन, इमलीपारा में आयोजित संस्था की मासिक बैठक के दौरान एक छात्रा को उनके परिजनों के समक्ष स्कूल फीस की राशि का चेक प्रदान किया गया .
पंजाबी संस्था के अध्यक्ष अशोक ऋषि ने बताया कि पिछले शैक्षणिक वर्ष के दौरान भी संस्था ने तीन बच्चों को करीब 40 हजार रूपये से अधिक की आर्थिक मदद की थी।इस वर्ष शहर के एक विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा के पिता ने स्कूल की बकाया फीस के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। पिता के अनुसार उसकी पुत्री ओमना ने बिलासपुर के सेंट जोसेफ स्कूल में अध्ययनरत रहते हुए 12वीं की परीक्षा 62% अंकों के साथ उत्तीर्ण कर ली है।लेकिन पिछले वर्ष की फीस अदा नहीं कर सकने के कारण उसकी मार्क-शीट और टीसी आदि स्कूल में ही जमा है। छात्रा के पिता के अनुसार मेरी बच्ची उच्च शिक्षा ग्रहण करने बिलासा गर्ल्स कॉलेज में दाखिला लेना चाहती है।उन्होंने पंजाबी संस्था से अनुरोध किया कि आर्थिक तंगी के कारण वह स्वयं स्कूल फीस भरने में असमर्थ है . संस्था ने इस आवेदन पर उदारतापूर्वक विचार कर उनकी बकाया फीस की राशि का चेक, संबंधित स्कूल के नाम से बनाकर देने का फैसला लिया।
रविवार को पंजाबी संस्था की विशेष मासिक बैठक के दौरान एक संक्षिप्त समारोह में संस्था के महासचिव जगदीश दुआ, आशीष दुआ, दिनेश उथरा की उपस्थिति में जरूरतमंद छात्रा को स्कूल फीस की आवश्यक राशि का चेक सौंप दिया गया . इस अवसर पर महासचिव जगदीश दुआ ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं।उनकी सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उन्नति में ही भारत की समृद्धि निहित है।पंजाबी संस्था सभी जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक उनकी आसान पहुँच सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाबी संस्था इसके पहले भी सर्व-समाज के कल्याण के लिए जनसेवा का कार्य करती रही है जिसमें जरूरतमंद, गरीब बच्चों को आर्थिक सहायता देना प्रमुखता से शामिल है।पिछले 3 वर्षों से लगातार संस्था द्वारा स्कूली बच्चों को बैग, स्कूल शूज़ व विभिन्न शैक्षणिक सामग्री प्रदान की जा रही है।इसके अतिरिक्त मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप योजना भी चलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा अपने सामाजिक सरोकारों के तहत सर्व-समाज के लिए मुक्ति वाहन, डीप फ्रीजर, ऑक्सीजन सिलेंडर, व्हील-चेयर, पेशेंट-बेड व अन्य सेवायें निःशुल्क प्रदान की जाती है।
मासिक बैठक के दौरान आर्थिक सहायता प्रदान करने के संक्षिप्त कार्यक्रम के बाद संस्था द्वारा आगामी सामाजिक गतिविधियों पर विचार-विमर्श कर अनेक फैसले लिए गए . मानसून की सक्रियता के साथ बड़े पैमाने पर पौधारोपण के विशेष अभियान को अंतिम रूप दिया गया।इसके अतिरिक्त संस्था में सदस्यता वृद्धि अभियान व अन्य धार्मिक, सामाजिक व पारंपरिक कार्यक्रमों को गति देने की रूप-रेखा भी तैयार की गई।
संस्था की विशेष बैठक में प्रमुख रूप से महासचिव जगदीश दुआ, आशीष दुआ, दिनेश उथरा, अनुज त्रिहान, गौरव ऐरी, रवि खन्ना, राजेश दुआ, संजय दुआ और अतुल तनेजा मौजूद थे।



