डायल-112 के आरक्षक पर हमला….डंडे के वार से आरक्षक हुआ लहूलुहान…..खून से लाल हुई वर्दी…..अपराधी ने पुलिस जवान को बनाया निशाना……आरोपी युवक हुआ गिरफ्तार….

बिलासपुर -जिले मे अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं। कि कानून व्यवस्था संभालने वाले अब इनका निशाना बनने लगे है। आपको बताते चले कि बीते दो दिन पूर्व बुधवार की रात को इसका खतरनाक नजारा देखने को मिला। कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिस जवान पर ही एक आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया।

इस हमले में डायल 112 का पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार डायल-112 की टीम विवाद शांत कराने पहुंची थी, लेकिन आरोपी ने पुलिसकर्मी पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी वर्दी खून से लाल हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड की है।डायल-112 में पदस्थ आरक्षक मोरज सिंह अपनी टीम के साथ पिता-पुत्र के बीच चल रहे घरेलू विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। वहां सागर छात्रवानी नामक युवक शराब के नशे में अपने पिता के साथ मारपीट और गाली-गलौच कर रहा था।
पुलिस टीम ने जब बीच-बचाव कर उसके पिता को सुरक्षित करने और मामला शांत कराने का प्रयास किया, तब आरोपी भड़क उठा। देखते ही देखते उसने अपने पास मौजूद डंडे से आरक्षक मोरज सिंह पर हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर और आंख में गंभीर चोट आई। खून से लथपथ हालत में उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायल जवान का उपचार जारी है।बताया जा रहा है कि घायल आरक्षक अस्पताल पहुंचने के बाद बदहवास हालत में बार-बार अपने पिता को बुलाने की बात कह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सागर छात्रवानी को गिरफ्तार कर लिया।यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है। जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ही अपराधियों के निशाने पर हों, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल आरोपी सलाखों के पीछे है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button