खुफिया तंत्र की नाकामी या सुस्ती…..? सालों से फरार हत्या का आरोपी अपने ही घर से धराया….. हाईकोर्ट से सजा के बाद से फरार था हत्या का आरोपी….. आखिरकार मुखबिर की सूचना पर चढ़ा पुलिस के हत्थे…..

बिलासपुर। अपराधियों में खौफ और कानून के राज का दावा करने वाली पुलिस को हत्या जैसे संगीन मामले का एक आरोपी सालों तक खुलेआम चकमा देता रहा और पुलिस पकड़ से फरार चलता रहा।दरअसल छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से सजा सुनाए जाने के बाद फरार हुआ यह शातिर अपराधी लंबे समय तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा और जिसे आखिरकार सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर उसके ही घर से दबोच लिया है। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी तो हो गई है, लेकिन इतने गंभीर मामले में सजायाफ्ता कैदी का अपने ही इलाके में सालों तक बेखौफ घूमना पुलिस के खुफिया तंत्र और कार्यप्रणाली की नाकामी को भी उजागर करता है।

क्या है पूरा मामला….?

मामला वर्ष 2005 में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़ा है। इस प्रकरण की सुनवाई अपर सत्र न्यायालय बिलासपुर में चल रही थी, जिसके दौरान आरोपी गुड्डू उर्फ शिवदयाल सूर्यवंशी पिता गजानंद सूर्यवंशी, उम्र 45 वर्ष, निवासी बेदू गैरेज के पास, चंदेला नगर जमानत पर बाहर आ गया था। बाद में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय हाईकोर्ट बिलासपुर ने इस मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए दंडित किया।

सजा के डर से हुआ फरार, पुलिस ढूंढती रह गई….

हाईकोर्ट से सजा का ऐलान होते ही आरोपी शेष सजा भुगतने से बचने के लिए अपने ठिकाने से फरार हो गया। न्यायालय द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के माध्यम से भेजा गया था। हैरानी की बात यह है कि वारंट जारी होने के बाद भी पुलिस लंबे समय तक आरोपी का सुराग लगाने में नाकाम रही और वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा….

आखिरकार 25 नवंबर 2026 को सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि फरार वारंटी गुड्डू उर्फ शिवदयाल सूर्यवंशी चंदेला नगर स्थित अपने घर (सकुनत) पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तैयार की गई और तत्काल मौके पर भेजकर घर की घेराबंदी की गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

Related Articles

Back to top button