घर में घुसकर मारपीट और डायल 112 वाहन में तोड़फोड़ करने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार….. कुल्हाड़ी व फावड़ा जब्त……

बिलासपुर–शराब के लिए पैसे न देने पर घर में घुसकर मारपीट करने तथा समझाइश देने पहुंची डायल 112 टीम व वाहन पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा और कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
थाना सरकंडा पुलिस के अनुसार, ग्राम नगोई स्कूल चौक निवासी प्रार्थिया नेहा महेश्वरी (30 वर्ष) 24 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे अपने घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोसी आरोपी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी (28 वर्ष) शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का व थप्पड़ से मारपीट की, फिर फावड़े से घर के दरवाजे में तोड़फोड़ कर मारने दौड़ाया।
सूचना मिलने पर डायल 112 वाहन (CG03A2462) में तैनात आरक्षक मनीराम साहू और चालक पालेश्वर नायक मौके पर पहुंचे। विवाद शांत कराने के दौरान आरोपी घर के भीतर से कुल्हाड़ी लेकर आया और पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए दौड़ाया तथा कुल्हाड़ी मारकर डायल 112 वाहन के सामने और बाएं हिस्से के कांच तोड़ दिए।
प्रार्थिया की शिकायत पर अपराध क्रमांक 1718/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया, जबकि आरक्षक मनीराम साहू की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1719/2026 के तहत शासकीय कार्य में बाधा, हमला और लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध हुआ।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन, एएसपी शहर पंकज पटेल व सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदतन बदमाश है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गैर-जमानती प्रकरण और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



