6 करोड़ का ‘ट्रक कांड…भाड़े पर चलवाने के नाम पर 30 से ज्यादा गाड़ियां लेकर शातिर फरार…..एसएसपी से लगाई गुहार…..

बिलासपुर–शहर में भाड़े पर ट्रक चलवाने का झांसा देकर वाहन मालिकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी 30 से अधिक ट्रक लेकर फरार हो गया है, जिनकी अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस अधीक्षक (SSP) बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और वाहनों की बरामदगी की गुहार लगाई है।
ऐसे रची ठगी की साजिश……
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उसलापुर स्टेशन के पास स्थित राधिका विहार (अल्का एवेन्यू रोड) निवासी शिवकुमार देवांगन ने अलग-अलग मालिकों से उनके ट्रक भाड़े पर चलवाने के लिए लिए थे। भरोसे में लेने के लिए उसने शुरुआती कुछ दिनों तक समय पर किराया दिया। इसके बाद एक-दो महीने का बिल एक साथ पास होने का बहाना बनाकर भुगतान टालना शुरू कर दिया।
जीपीएस दिखाकर किया गुमराह, फिर फोन किया बंद…
जब मालिकों ने अपने ट्रक वापस मांगे, तो आरोपी कभी शहर से बाहर होने तो कभी जल्द गाड़ी लौटाने की बात कहकर टालमटोल करता रहा। आरोप है कि इस दौरान वह मालिकों को फर्जी या पुरानी जीपीएस लोकेशन दिखाकर गुमराह भी करता रहा। कुछ समय बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया और उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पीड़ित जब उसके घर पहुंचे, तो उसकी पत्नी ने इस संबंध में कोई भी जानकारी होने से इनकार कर दिया।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला….
पीड़ितों ने जब अपने स्तर पर खोजबीन की, तो पता चला कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी शिकार बनाया है और कुल 30 से अधिक ट्रक गायब हैं। शिकायत में यह भी बताया गया है कि कुछ महीने पहले जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाने में भी शिवकुमार देवांगन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है। पीड़ितों का कहना है कि पूर्व में शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।




