
नाबालिग बेटे को झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने का आरोप….महिला रेलवे कर्मचारी ने आईजी से लगाई न्याय की गुहार…..
बिलासपुर-नाबालिक बेटे को बलात्कार के मामले में आरोपी बनाए जाने को लेकर नाबालिक बेटे की मां रेलवे कर्मचारी ने पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज को शिकायत सौंपकर अपने 15 वर्षीय नाबालिग बेटे को झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित रूप से मारपीट करने वाली महिला व उसके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 29 मई को सिरगिट्टी पुलिस नाबालिग को पूछताछ के लिए घर से थाने ले गई। महिला का आरोप है कि थाने पहुंचने पर कुछ महिलाओं ने उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की, जिसकी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है।
महिला ने पड़ोस की एक महिला और उसके सहयोगियों पर व्यक्तिगत रंजिश के चलते षड्यंत्र रचकर बेटे को फंसाने का आरोप लगाया है। साथ ही दावा किया है कि मेडिकल जांच में बच्चियों के साथ किसी प्रकार की अश्लील हरकत की पुष्टि नहीं हुई।
शिकायतकर्ता मां ने आईजी से मांग की है कि थाने में हुई कथित मारपीट की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा नाबालिग बेटे के खिलाफ दर्ज मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाया जाए।



