नकली सामान की बिक्री की शिकायत पर खाद्य एवं औषधी विभाग ने माधव ट्रेडर्स के यहां छापामार कार्रवाई……

बिलासपुर– नामी कंपनी के नाम का उपयोग करते हुए नकली सामान की बिक्री को लेकर हुई शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने एकशन मोड में आकर चांटीडीह रामायण चौक पर स्थित माधव ट्रेडर्स के यहां छापेमार कार्रवाई की है। हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत के बाद विभाग की टीम दुकान पहुंची और जांच के दौरान कई उत्पादों के सैंपल और सामान को जब्त किया गया है।
मामला माधव ट्रेडर्स से जुड़ा है, जहां नकली सामान की बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत मिलने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान टीम ने सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड ताजा चाय पत्ती, इनो समेत अन्य सामान के सैंपल लिए और संबंधित सामग्री को जब्त किया। टीम ने उत्पादों की जांच के लिए सैंपल सुरक्षित किए हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत के आधार पर की गई। कंपनी की ओर से दुकान में नकली उत्पादों की बिक्री की शिकायत की गई थी, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए मौके पर जांच की।
फिलहाल विभाग की कार्रवाई के बाद जब्त किए गए सामान और लिए गए सैंपल की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

माधव ट्रेडर्स पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है। सवाल यह है कि दुकान से जब्त किए गए उत्पाद असली हैं या नकली—इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा। फिलहाल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सामान के सैंपल जब्त कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग बिलासपुर ने बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की ओर से हमें एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में विभिन्न ब्रांडों के डुप्लीकेट सामान की जानकारी दी गई थी। इसी शिकायत के आधार पर शुक्रवार को माधव ट्रेडर्स के यहां जांच कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड की ताजा चाय पत्ती और इनो समेत अन्य उत्पादों के सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि संबंधित उत्पादों में किसी तरह की अनियमितता या डुप्लीकेट सामग्री है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं इस छापेमारी के दौरान मनोहर लाल वाधवानी
संचालक, माधव ट्रेडर्स चांटीडीह बिलासपुर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि हम पिछले कई वर्षों से व्यापार विहार स्थित संतोष जनरल स्टोर से सामान की खरीदी करते आ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने जिन सामग्रियों के सैंपल लिए हैं।उनसे संबंधित हमारे पास जो भी बिल और दस्तावेज उपलब्ध थे, हमने सभी दस्तावेज विभागीय अधिकारियों को सौंप दिए हैं। हमारी ओर से किसी तरह की गलत सामग्री जानबूझकर नहीं बेची गई है। बाजार में जिस रेट पर असली सामान उपलब्ध है, उसी के अनुसार हमने सामान की कीमत तय की है। जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।”

Related Articles

Back to top button