
नाले में अज्ञात महिला का मिला अर्धनग्न शव…..जांच और पहचान में जुटी पुलिस..
बिलासपुर–शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे परिसर स्थित तितली चौक के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ जिले एवं आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
सीएसपी कोतवाली गगन कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थाना क्षेत्रों सहित आसपास के जिलों के पुलिस थानों को भेजी गई है। साथ ही गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द महिला की शिनाख्त हो सके।
उन्होंने कहा कि महिला की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं, क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने की घटना से लोगों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।



