
दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात….. आरक्षक के घर घुसकर महिला ने निर्मम वार…. पत्नी और नौ साल के बेटे की मौत….मासूम बेटी गंभीर…..
दुर्ग–छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार सुबह करीब 8 बजे एसटीएफ कॉलोनी में तैनात एक आरक्षक के घर में घुसकर एक महिला ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है।
क्या है पूरा मामला……
मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ कॉलोनी में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव के घर पर आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज अचानक पहुंची और घर में घुसते ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में आरक्षक की पत्नी रानी यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी तानिया यादव गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाकर आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटना के दौरान घर में मौजूद एक अन्य बच्ची नैना यादव ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
आरोपी महिला गिरफ्तार…..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे। बताया जा रहा है कि महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जहां उसे समझाइश देकर वापस भेज दिया गया था। लेकिन विवाद और आपसी रंजिश इतनी बढ़ गई कि उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद एसटीएफ कॉलोनी समेत पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, “आरोपी महिला ने घर में घुसकर महिला और बच्चों पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है और एक बच्ची का इलाज जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।”
जांच जारी
पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें आरोपी और आरक्षक के बीच संबंध, घटना की पूर्व योजना और अन्य संभावित कारणों को खंगाला जा रहा है।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए भारी त्रासदी बनकर सामने आई है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और व्यक्तिगत संबंधों के खतरनाक मोड़ पर भी कई सवाल खड़े कर रही है।



