
कर्ज चुकाने के लिए लूटी शराब भट्ठी….. पुलिस ने किया लूटकांड का खुलासा….तीन आरोपी गिरफ्तार….. एक आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर…..
बिलासपुर/मस्तूरी के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट की वारदात का मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कर्ज से छुटकारा पाने और रकम हासिल करने के लिए शराब दुकान के लॉकर में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी। वारदात के लिए आरोपियों ने गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और धारदार चाकू समेत अन्य सामान जुटाए थे।
पहले मोपका, फिर गतौरा पहुंचे आरोपी
आरोपियों ने वारदात से पहले मोपका शराब भट्ठी को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन आसपास अधिक चहल-पहल होने के कारण वहां से निकल गए। इसके बाद चिल्हाटी-फरहदा के रास्ते गतौरा शराब दुकान पहुंचे।
3 अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे नकाबपोश आरोपियों ने शराब दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर धमकाया। विरोध करने पर एक सुरक्षाकर्मी के सिर, माथे और हाथ पर धारदार हथियार से चोट पहुंचाई गई। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए।
आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राइंडर कटर व छेनी से लॉकर काटने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं टूट सका। नकदी नहीं मिलने पर आरोपी शराब की कुछ बोतलें, सुरक्षाकर्मियों के दो मोबाइल फोन तथा CCTV कैमरा और DVR लेकर फरार हो गए।
CCTV DVR नदी में फेंका
पुलिस की जांच से बचने के लिए आरोपियों ने CCTV का DVR नदी में फेंक दिया, ताकि वारदात से जुड़े फुटेज पुलिस के हाथ न लग सकें।
तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिंटू निषाद और सुशील निर्मलकर को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से यह सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्कूटी, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, धारदार चाकू, छेनी, दो मोबाइल फोन और अन्य औजार बरामद कर जब्त किए हैं।
एक आरोपी फरार, कलेक्शन कंपनी से जुड़ी भूमिका की जांच
मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में कार्यरत था और शासकीय मदिरा दुकानों से नगद राशि कलेक्शन का काम करता था। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई में लूटकांड का खुलासा होने के बाद अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।




