
पड़ोसन ने चुराई सोने की चेन….सरकंडा पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार….
बिलासपुर- सरकंडा थाना क्षेत्र के विजयापुरम अटल आवास में सूने मकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली 29 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 38 हजार रुपये कीमत की चोरी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया चंचल संतवानी ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां 9 सितंबर 2026 को अयोध्या यात्रा पर जाने से पहले घर के कीमती जेवर लॉकर में रखकर चाबी अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाकर गई थीं। 29 सितंबर को अलमारी की जांच करने पर जेवर का बॉक्स खाली मिला। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 1409/2026 के तहत धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को पड़ोस में रहने वाली कामनी बरानी पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को घर के सूने रहने और चाबी छिपाने की जगह की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने मौका पाकर घर में प्रवेश किया और सोने की चेन चोरी कर ली।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी गई करीब 38 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद कर ली। कामनी बरानी पति रवि बरानी, उम्र 29 वर्ष, निवासी विजयापुरम अटल आवास, ब्लॉक ई, मकान नंबर 08, थाना सरकंडा को 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।



