
जेल गार्ड हत्याकांड में पुलिस का पहला बड़ा वार… एक आरोपी गिरफ्तार वारदात के बाद बदलते रहे ठिकाने… प्रयागराज से दबोचा गया फरार आरोपी
बिलासपुर – सरकंडा बाल संप्रेक्षण गृह में हुए चर्चित गार्ड हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्या के बाद फरार चार आरोपियों में से एक को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बाकी तीन फरार आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।
गार्ड नरेंद्र खांडेकर की हत्या के बाद आरोपी एक पल भी मौके पर नहीं रुके। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी का डीवीआर अपने कब्जे में लिया, फिर मृतक की बाइक और चाबी लेकर वहां से निकल गए। उनका मकसद साफ था।सबूत भी मिटाना और पुलिस की जांच को भटकाना।पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी पहले कटघोरा पहुंचे। वहां कुछ परिचितों से पैसों का इंतजाम किया और फिर बस से अंबिकापुर पहुंच गए। अंबिकापुर पहुंचते ही सभी ने अलग-अलग रास्ता चुन लिया, ताकि एक आरोपी पकड़ा भी जाए तो बाकी तीन सुरक्षित बच निकलें।इधर बिलासपुर पुलिस लगातार हर सुराग को जोड़ रही थी। मोबाइल लोकेशन, तकनीकी इनपुट और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी दिनेश राठिया उर्फ कोकड़ू प्रयागराज में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर घेराबंदी की और बिना किसी मौके को गंवाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में फरार साथियों के भागने के रूट, उनकी मदद करने वालों और वारदात की पूरी साजिश से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर ला रही है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।



