
सड़क बनी ‘तालाब’, कांग्रेस ने गड्ढों में मछली मारकर किया प्रदर्शन……
बिलासपुर-बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के नगपुरा,धमनी,सेंवार,कड़ार से झाल मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मंगलवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। बारिश के बाद सड़क पर भरे पानी और गहरे गड्ढों में जाल डालकर प्रतीकात्मक रूप से ‘मछली मार’ प्रदर्शन किया गया और सड़क की जर्जर हालत पर सरकार व स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष सुनील साहू ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की मुख्य सड़क पहली ही बारिश में तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे रोजाना हजारों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क का निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर और बड़ा आंदोलन करेगी।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “सड़क है या तालाब, विधायक जी दो जवाब” जैसे नारे लगाए। मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।


