
डीजल चोरों पर मेहरबानी एसएसआई को पड़ी भारी….. वीडियो वायरल होते ही एसएसपी रजनेश सिंह का बड़ा एक्शन….. आरोपियों को बिना कानूनी कार्रवाई छोड़े जाने के मामले में एएसआई निलंबित….. दो आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी…..
बिलासपुर- कोनी थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में बरती गई कथित लापरवाही एक एएसआई पर भारी पड़ गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से एएसआई उमेश उपाध्याय को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के आरोपियों को पकड़ने के बावजूद उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने और उन्हें छोड़ दिए जाने का आरोप सामने आया था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। वीडियो के सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया एएसआई उमेश उपाध्याय की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मामले में अब तक डीजल चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी रजनेश सिंह की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्पष्ट किया गया है कि अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी, लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतता है या नियमों की अनदेखी करता है, तो उसके खिलाफ भी कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है और अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को कानून के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



