आधे से ज्यादा छात्र फेल होने पर स्वामी आत्मानंद स्कूल में मचा बवाल….पालकों ने किया हंगामा…..प्रबंधन से तीखी बहस….

बिलासपुर-स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, तिलक नगर में गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के परिजन स्कूल परिसर पहुंच गए और परीक्षा परिणाम को लेकर जमकर हंगामा किया। कक्षा 9वीं और 11वीं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अनुत्तीर्ण होने से नाराज पालकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, मुख्य परीक्षा के बाद आयोजित अवसर परीक्षा (Opportunity Exam) में भी कई छात्र सफल नहीं हो सके। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने दोबारा परीक्षा लेकर छात्रों को पास करने से इनकार कर दिया, जिससे पालकों का आक्रोश और बढ़ गया। परिजनों का कहना था कि बच्चों को एक और मौका दिया जाए ताकि उनका एक शैक्षणिक वर्ष खराब न हो।
बताया जा रहा है कि कक्षा 9वीं में कुल 71 विद्यार्थियों में से 27 छात्र अनुत्तीर्ण हुए हैं, जबकि कक्षा 11वीं में करीब 40 विद्यार्थियों में से 21 छात्र परीक्षा में असफल रहे हैं। बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने से अभिभावकों ने स्कूल की शिक्षण व्यवस्था और मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
हंगामे के दौरान पालकों और स्कूल प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में स्कूल की प्राचार्या श्रद्धा गौराहा ने प्रतिनिधि पालकों को चर्चा के लिए अपने कक्ष में बुलाया और उनकी समस्याएं सुनीं। प्राचार्या ने स्पष्ट किया कि विद्यालय की ओर से छात्रों को पूरा अवसर दिया गया था। मुख्य परीक्षा के बाद अवसर परीक्षा भी आयोजित की गई, लेकिन निर्धारित मानकों के अनुसार सफल नहीं होने वाले विद्यार्थियों को नियमों के विरुद्ध पास नहीं किया जा सकता।
इधर, मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर माहौल शांत कराया। हालांकि, चर्चा के बाद भी पालकों और छात्रों में नाराजगी बनी रही। पालकों ने मांग की है कि शिक्षा विभाग इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर छात्रों के हित में उचित निर्णय ले, ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो।

Related Articles

Back to top button