गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन….

गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन...गैस पाइप को नाली में डालकर गैस जलाकर किया प्रदर्शन...

 

 

बिलासपुर/ गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, अनोखे अंदाज में जताया विरोध
बिलासपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर शहर कांग्रेस, ग्रामीण कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग तरीकों से सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए गैस समस्या को लेकर जल्द समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को प्रतीकात्मक रूप से श्रद्धांजलि देकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर कांग्रेस नेता विजय जांगिड़ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि बाजार में गैस की कालाबाजारी बढ़ रही है और सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैस की कमी का असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है, जिससे व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इधर युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने सरकंडा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 62 शास्त्री नगर के कपिल नगर में अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस पाइप को नाली में डालकर गैस जलाने और उसी पर चाय बनाने की प्रतीकात्मक कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान पतीली, चायपत्ती और दूध रखकर चाय बनाने का प्रयास किया गया, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो सके।
दरअसल हाल ही में नाली से गैस बनने को लेकर दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, उसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर में गैस सिलेंडर की किल्लत बनी हुई है, इसके बावजूद सिलेंडर के दामों में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति की समस्या दूर नहीं की गई और कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button