
सुशासन तिहार शिविर में ACB का बड़ा धमाका…..40 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगेहाथ गिरफ्तार…. शिविर में मचा हड़कंप….
कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद शिविर स्थल पर अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से उनकी जीपीएफ (GPF) पासबुक में कटौती संबंधी एंट्री करने के एवज में आरोपी बाबू द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। लंबे समय से परेशान शिक्षक ने इसकी शिकायत बिलासपुर ACB कार्यालय में की थी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने सुशासन तिहार समाधान शिविर में अचानक दबिश दी। जैसे ही प्रदीप मिश्रा ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि शिविर में मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार कर्मचारी को पूछताछ के लिए कोषा विभाग के कार्यालय में रखा गया है, जहां ACB की टीम उससे लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मामले में अन्य कर्मचारियों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा सकती है।
जानकारी यह भी सामने आई है कि आरोपी प्रदीप मिश्रा पर वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है, बावजूद इसके वह लंबे समय से विभाग में जमे हुए थे। ACB अब उसके पुराने मामलों और विभागीय रिकॉर्ड की भी जांच कर सकती है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में खलबली मच गई है। सुशासन और पारदर्शिता के दावों के बीच समाधान शिविर में हुई रिश्वतखोरी की यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है।




