
एसीसीयू व सिविल लाईन पुलिस को मिली बड़ी सफलता…..स्टेशन के पास 12.405 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार……
बिलासपुर-नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।जहां पर नशे का समान लेकर जा रहे दो महिला सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है।सिविल लाइन पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार उस्लापुर रेलवे स्टेशन के पास से 12.405 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 6.25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति और दो महिलाएं, जिनके साथ 4-5 वर्ष का एक बच्चा भी है, ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन से उस्लापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिविल लाइन थाना पुलिस ने उस्लापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास घेराबंदी करते हुए संदिग्धों को रोककर उनके पास मौजूद आसमानी रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। बैग के अंदर खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 11 पैकेटों में कुल 12.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश नायक उर्फ पप्पू (41 वर्ष), निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा), नेहा सिंह (34 वर्ष), निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा) तथा अर्चना सिंह (27 वर्ष), निवासी जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।



