
गूगल मैप के भरोसे अधूरे पुल पर चढ़ी कार…..अधूरे निर्माणाधीन पुल से 30 फीट नीचे गिरी कार……चार युवक घायल…..
बिलासपुर- तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्रीघाट-ढेका कर्रा के पास निर्माणाधीन पुल पर सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। गूगल मैप की सहायता से रायगढ़ से बिलासपुर की ओर आ रही एक टाटा नेक्सन कार अधूरे पुल पर चढ़ गई और करीब 30 फीट नीचे अरपा नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान संजय पटेल, चंद्रभान पटेल, सत्यनारायण पटेल और अनिल पटेल के रूप में हुई है। सभी रायगढ़ जिले के निवासी हैं और कोरबा होते हुए रायपुर जा रहे थे। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर भारतमाला परियोजना के तहत पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और आगे सड़क भी नहीं जुड़ी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गूगल मैप के भरोसे वाहन चलाना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



