17 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या……सिटी कोतवाली पुलिस जुटी जांच में…..

बिलासपुर – सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद स्थित नारियल कोठी वार्ड क्रमांक 36 में शनिवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।मिली जानकारी के अनुसार, दयालबंद निवासी बलराम केवट का पुत्र शोभनाथ केवट 17 वर्ष दसवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद इलेक्ट्रिशियन का काम सीख रहा था।

शुक्रवार शाम वह रोज की तरह काम से घर लौटा था। रात में परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। सुबह करीब 10 बजे जब परिवार के लोग उसे जगाने पहुंचे तो कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शोभनाथ पंखे की कुंडी में गमछे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button