
लूथरा शरीफ में पांच दिवसीय सालाना उर्स 28 से……दरगाह परिसर और कव्वाली मैदान में विशेष रूप से वाटरप्रूफ पंडाल…..अंतरराष्ट्रीय स्तर के कव्वाल रईस अनीस साबरी और मुजतबा अजीज नाजा होंगे शामिल…..
दरगाह लूथरा शरीफ में शहंशाह-ए-छत्तीसगढ़ हजरत सैय्यद इंसान अली बाबा का पांच दिवसीय सालाना उर्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। उर्स को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कमेटी के अनुसार इस वर्ष बारिश को देखते हुए दरगाह परिसर और कव्वाली मैदान में विशेष रूप से वाटरप्रूफ पंडाल लगाए गए हैं, ताकि आने वाले लोगों को परेशानी न हो।

लूथरा शरीफ कमेटी के अध्यक्ष हाजी इकबाल हक ने बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उर्स के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश को देखते हुए करीब पांच से छह लाख, जबकि परिस्थितियों के अनुसार इससे अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि आयोजन में प्रशासन और पुलिस का सहयोग मिल रहा है। जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा व्यवस्थाओं में सहयोग किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दरगाह क्षेत्र में दो पुलिस सहायता केंद्र बनाए जा रहे हैं तथा पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
हाजी इकबाल हक ने बताया कि आयोजन की जानकारी में रायपुर एयरपोर्ट को निकटतम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट की उड़ानों में निरंतरता नहीं रहने तथा कभी-कभी उड़ानें रद्द होने की स्थिति को देखते हुए बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए रायपुर से आवागमन की व्यवस्था कमेटी द्वारा की जाएगी।
उर्स के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मुशायरा और कव्वाली का भी आयोजन होगा। कमेटी के अनुसार कछौछा शरीफ से रशीद लखीमी हुजूर, उर्स दादानशीन सहित अन्य धार्मिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।
कव्वाली कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कव्वाल रईस अनीस साबरी और मुजतबा अजीज नाजा के शामिल होने की जानकारी दी गई। 28 सितंबर को होने वाले मुशायरे में भी देश के विभिन्न हिस्सों से शायर और वक्ता शामिल होंगे।
कमेटी ने बताया कि उर्स के दौरान जायरीनों की सेवा और भोजन व्यवस्था के लिए करीब 200 से 300 लोगों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दरगाह परिसर में करीब 50 से 60 वालंटियर विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान कमेटी से जुड़े पूर्व विवादों और इस्तीफों को लेकर पूछे गए सवाल पर हाजी इकबाल हक ने कहा कि वर्तमान में कमेटी में कोई विवाद नहीं है। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा उन्हें अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है और वे उसी के अनुसार व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में किसी पदाधिकारी द्वारा इस्तीफा दिया जाना उनका व्यक्तिगत निर्णय था। उन्होंने यह भी कहा कि पत्राचार या विवादों से श्रद्धालुओं और आयोजन पर गलत प्रभाव पड़ता है, इसलिए ऐसी स्थिति से बचना चाहिए।
कमेटी के खातों को लेकर पूर्व में लगाए गए आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल पर हाजी इकबाल हक ने कहा कि हर वर्ष खातों का ऑडिट कराया जाता है और ऑडिट रिपोर्ट वाउचर सहित बोर्ड में जमा की जाती है। उन्होंने आरोपों के संबंध में कहा कि आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं और संबंधित दस्तावेज बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाते हैं।




