दुर्गा पंडालों में महिलाओं के गले से सोने की चेन उड़ाने वाली तीन आरोपी महिलाएं गिरफ्तार….सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर उसलापुर रेलवे स्टेशन से पकड़ी गईं आरोपीया… एक अन्य महिला की चेन चोरी करने की बात भी कबूली….

बिलासपुर- न्यायधानी बिलासपुर में दुर्गा पंडालों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया ब्लेड जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य महिला की चेन चोरी करने और उसे अपनी साथी रीना बंसल को देने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को तेलीपारा निवासी 21 वर्षीय शौर्य कश्यप ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी मां श्वेता कश्यप तेलीपारा रोड स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में रात करीब 8:30 बजे आरती कर रही थीं। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनके गले से करीब 14 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 599/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने दुर्गा पंडालों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई पहचान….
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को संदिग्ध महिलाओं के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हुलिए के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उनके जवाब संदिग्ध पाए गए। शिकायतकर्ता पक्ष से पहचान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच के बाद आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान वर्षा बंसल (23), आशा बंसल (30) और सबिता उर्फ सरिता बंसल (30), निवासी केराडोर, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उसी दुर्गा पंडाल में एक अन्य महिला की चेन चोरी करने की बात भी बताई और कहा कि चेन अपनी साथी रीना बंसल को दी थी।
न्यायिक रिमांड पर भेजीं गईं आरोपी….
पुलिस ने प्रकरण में इस्तेमाल किया गया ब्लेड जब्त कर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में चोरी की गई अन्य चेन और कथित साथी की भूमिका के संबंध में आगे की जांच कर रही है।


