स्वच्छ सर्वेक्षण 2025…. रिवर फ्रंट टाउन शहर में बिलासपुर पूरे देश में दूसरे स्थान पर….. स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर का दबदबा बरकरार,लगातार दूसरे साल राष्ट्रपति पुरस्कार…..कैटेगरी में इस बार किया गया बदलाव,रिवर फ्रंट,तटीय और हिमालयी शहरों की अलग कैटेगरी….बिलासपुर बना देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन….नई दिल्ली में बिलासपुर को मिला प्रेसिडेंसियल अवार्ड,राष्ट्रपति के हाथों उप मुख्यमंत्री,प्रमुख सचिव, महापौर और निगम कमिश्नर ने ग्रहण किया पुरस्कार…..

बिलासपुर-बिलासपुर ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है, बिलासपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है,न्यायधानी बिलासपुर पूरे देश में स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन में दूसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित हुआ है। यह बिलासपुर में रहने वाले एवं उससे जुड़े लोगों के लिए गर्व का दिन है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों की घोषणा और पुरस्कार वितरण समारोह में सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों की घोषणा की गई। जिसमें बिलासपुर शहर ने दूसरे साल भी टाॅप 3 में स्थान बनाते हुए रिवर फ्रंट टाउन (नदी तट वाले शहर) में “दूसरा” सबसे स्वच्छ शहर होने का तमगा हासिल किया है। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बिलासपुर को पूरे देश में दूसरा स्थान मिला था। 2023 के सर्वेक्षण में बिलासपुर को 28 वां रैंक मिला था। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने दूसरा स्थान हासिल करने पर बिलासपुर को सम्मानित किया है,राष्ट्रपति के हाथों उप मुख्यमंत्री अरूण साव,नगर निगम महापौर पूजा विधानी, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा एवं निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पुरस्कार ग्रहण किया है। देश में सभी कैटेगरी को मिलाकर कुल 4751 शहर सर्वेक्षण में शामिल हुए थे। स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन में रींवा पहला और वाराणसी को तीसरा स्थान मिला है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत इस साल केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय द्वारा गठित टीम ने मई माह में बिलासपुर का दौरा कर सर्वेक्षण किया था। सबसे पहले केंद्रीय टीम ने शहर की ग्राउंड रिपोर्टिंग की थी,उसके बाद नागरिकों के फीडबैक,सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और सुविधा तथा शौचालयों की स्थिति समेत अन्य मापदंडों के तहत सर्वे किया गया था। केंद्रीय मंत्रालय द्वारा सर्वेक्षण की घोषणा के साथ ही निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने एक अलग टीम गठित कर सर्वेक्षण की तैयारियों में लगा दिया था,जिनके द्वारा साल भर स्वच्छता एवं उससे जुड़े हुए विशेष अभियान चलाए गए। इससे पहले बिलासपुर को गार्बेज फ्री सिटी में 5 स्टार का दर्जा और ओडीएफ++ का तमगा पहले ही हासिल है।
ऐसे बदली तस्वीर और बिलासपुर ने लहराया परचम….
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 और 2025 में बिलासपुर ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में शीर्ष तीन में अपनी जगह बनाई है पर यह उपलब्धि ऐसे ही हासिल नहीं हुआ है। इस सफलता के पीछे मजबूत इच्छाशक्ति,लगन,योजनाबद्ध तरीके से किए गए प्रयास के साथ ही सशक्त जनभागीदारी और मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। तो आइए जानते है कैसे बिलासपुर ने 2023 के 28 वें रैंक से छलांग लगाते हुए 2024 और 2025 में कैसे बड़े शहरों को पछाड़कर बना स्वच्छता का सिरमौर
सबसे पहले नगर निगम प्रशासन ने आधारभूत व्यवस्था में कमी एवं संसाधनों की आवश्यकता को चिन्हित किया जिसकी वजह से कहीं ना कहीं कुछ कमी रह जाती थी और बिलासपुर रेस में पिछड़ जाता था।
इनमें सबसे पहले -डोर टू डोर कचरा कलेक्शन….
सर्वप्रथम बिलासपुर नगरीय निकाय क्षेत्र में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का कार्य शत प्रतिशत हो,यह सुनिश्चित किया गया। पुराने क्षेत्र के सभी घरों से निगम द्वारा अनुबंधित रामकी कंपनी द्वारा कचरे का कलेक्शन और उसका निष्पादन किया जाता है जिनमें वर्तमान परिदृश्य के 45 वार्ड है, निगम में जुड़े नए क्षेत्रों जिनमें 25 वार्ड शामिल है वहां मिशन क्लीन सिटी के तहत एसआरएलएम सेंटर के जरिए स्वच्छता दीदियां घरों से कचरा इकट्ठा करती है और एसआरएलएम सेंटर में उसे पृथक कर उसका निष्पादन करती है। पर नए क्षेत्रों में व्यवस्थित कचरे का कलेक्शन व्यवस्थित नहीं हो पा रहा था इसके लिए संसाधन के रूप में सबसे पहले कलेक्शन गाड़ी की आवश्यकता थी,जिसे 2024 में 15 वें वित्त आयोग की राशि से 36 नई छोटी गाड़ी(TIPPER) खरीदी गई जिसके ज़रिए नए क्षेत्र जिसमें अधिकतर ग्रामीण क्षेत्र थे वहां प्रत्येक घरों से कचरा एकत्रित किया जाने लगा। इसके बाद इस साल रामकी कंपनी द्वारा 26 इलेक्ट्रिक वाहन भी कचरा कलेक्शन वाली गाड़ियों में शामिल किया गया। नए वाहनों की खरीदी के बाद पूरे शहर के लिए वाहनों की संख्या अब 191 हो गई है जो 2023-24 में 124 थी। इस प्रकार वाहनों की संख्या बढ़ने से निश्चित तौर पर बदलाव नज़र आया और कचरा कलेक्शन अधिक एवं व्यवस्थित तरीके से हुआ खासतौर पर नए जुड़े क्षेत्रों से।
वर्तमान में बिलासपुर नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत 70 वार्डों में कुल 1,79,180 घरों से 700 कर्मचारियों जिनमें 449 स्वच्छता दीदी शामिल है उन सभी के द्वारा 191 वाहनों के ज़रिए रोजाना 270 टन कचरे का कलेक्शन किया जाता है और उसे कछार स्थित आरडीएफ प्लांट एवं एसआरएलएम सेंटर पहुंचाया जाता है।
मैकेनाइज्ड और मैन्युअल स्विपिंग…..
बिलासपुर नगर निगम सीमा के पुराने क्षेत्रों में पिछले छःसाल से मुख्य मार्गों,चौक चौराहे और मोहल्ले की सड़कें मशीनीकृत और मैन्युअल सफाई से साफ-सूथरी और चमकती हुई दिखाई देती थी। लेकिन नए जुड़े क्षेत्रों में अपेक्षाकृत सफाई वैसी नहीं हो पा रही थी जैसे पुराने क्षेत्रों में व्यवस्था थी। जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के उच्च अधिकारियों के प्रयास से नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नए क्षेत्रों की भी सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई जिसका असर हुआ की पूरे शहर में मैकेनाइज्ड और मैन्युअल स्विपिंग शुरू हुआ और सभी मुख्य मार्ग और सड़कें कचरे एवं गंदगी से मुक्त हुआ। पहले सिर्फ 27 किमी की सफाई प्रतिदिन इस व्यवस्था के तहत की जाती थी,जिसमें 1330 सफाई कर्मी शामिल थे और 475 बीट निर्धारित थी। नए क्षेत्रों में इस व्यवस्था के शुरू होने से पूरे शहर में अब कुल 49.34 किमी की सफाई प्रतिदिन मैकेनाइज्ड और मैन्युअल तरीके से की जाती है जिसमें सफाई कर्मियों की संख्या बढ़कर अब 2063 हो गया है और बीट 750।

सी एंड डी प्लांट….
स्वच्छता में उत्कृष्टता लाने किए गए विश्लेषण के आधार पर निगम क्षेत्र में सी एंड डी प्लांट की भी कमी महसूस की गई जहां सी एंड डी वेस्ट का निपटान कर उपयोग वस्तुए बना सकें। इस पर त्वरित अमल करते हुए तिफरा में सी एंड डी प्लांट की स्थापना की गई जहां सी एंड डी वेस्ट से गमले,पेवर ब्लाॅक एवं ईंटो का निर्माण शुरू हुआ और शहर मटेरियल वेस्ट और मलबा मुक्त होने की दिशा में अग्रसर हुआ।

4 पिंक टाॅयलेट और 3 आकांक्षी शौचालय से बढ़ा मान…..
नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा महिलाओं को सुरक्षित स्वच्छ और सुविधायुक्त शौचालय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिलाओं के लिए विशेष रूप से शहर में 4 पिंक टॉयलेट का निर्माण किया गया,जहां महिलाओं से जुड़ी समस्या और उनके स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सारी सुविधा उपलब्ध है,पिंक टॉयलेट महिलाओं को समर्पित की गई है। इसी तरह शहर के भीड़ भाड़ वाले अलग-अलग क्षेत्रों में उच्च सुविधा वाले 3 आकांक्षी शौचालय भी बनाए गए हैं। इन सभी प्रयासों को सर्वेक्षण की टीम द्वारा सराहा गया है।
जागरूकता अभियान….
बिलासपुर को स्वच्छ बनाने एवं सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान पर पहुंचाने में शहर के नागरिकों एवं मीडिया तथा सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है,जिनकी सक्रियता एवं भागीदारी से आज बिलासपुर स्वच्छता की नई पहचान बना है। स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम बिलासपुर ने साल भर विशेष अभियान चलाया। जिसमें
स्कूल-कॉलेज सार्वजनिक स्थान,मार्केट एवं अन्य स्थानों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया। अलग-अलग जगहों पर जीरो वेस्ट कार्यक्रम की शुरूआत की। शहर के सामाजिक एवं गैर शासकीय संगठनों को अपने इस अभियान में शामिल किया। इसके अलावा बिलासपुर निगम ने स्वच्छता का अपना शुभंकर “बिल्लू बिलासपुरिया” को भी लांच किया,जिसने शहर भर में भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता पेट्रोल…..
इसी अभियान के तहत नगर पालिक निगम बिलासपुर ने अभिनव पहल करते हुए एक स्वच्छता पेट्रोल टीम का गठन किया,जो मोबाइल वैन के ज़रिए शहर में भ्रमण कर कचरा फैलाने वालों को समझाइश देती और अर्थदंड के ज़रिए सचेत करने का काम किया।
शौचालयों का जीर्णोद्धार…..
शहर के सभी 79 सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार कराया गया एवं सभी शौचालयों में फीडबैक मशीन लगाया गया ताकि नागरिकों के सुझाव,शिकायत एवं संतुष्टि की जानकारी मिल सकें। इसके अलावा इन शौचालयों में महिलाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और उसके निस्तारण के लिए इंसीनेटर मशीन लगाए गए।
वेस्ट टू वंडर…..
शहर में 15 वेस्ट टू वंडर स्थान बनाए गए,जहां अनुपयोगी सामान एवं कचरों को रिसाईकल कर सजावट और आकर्षक सामान तैयार किए गए।
यूज़र चार्ज….
कचरा कलेक्शन एवं अन्य स्वच्छता सेवा के बदले लिए जाने वाले यूज़र चार्ज में भी इस साल काफी बढ़ोत्तरी हुई, यह इस बात का प्रमाण है की नगर निगम द्वारा दी जानी वाली सेवाओं एवं सुविधाओं के प्रति नागरिकों में संतोष है और उन्होंने बढ़-चढ़कर यूज़र चार्ज का भुगतान किया है। 2023-24 में 91309000 था, तो 2024-25 में 145057000 और 2025-26 में 37.05 वृद्धि करते हुए 150980000 यूज़र चार्ज रूपये प्राप्त हुआ।
वाटर वेस्ट…..
शहर के नाला-नालियों से निकलने वाले पानी का शोधन कर फिर से उपयोगी बनाने के लिए पहले सिर्फ दो ही एसटीपी चिल्हाटी एवं दोमुहानी में थे,जिसकी संख्या बढ़कर अब चार हो चुकी है। कोनी एवं ज्वाली नाला एसटीपी भी शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा शहर के तालाबों और अरपा नदी के पुनरुत्थान के लिए विशेष अभियान चलाए गए।
इसके अलावा नगर निगम द्वारा सीवर लाइन की व्यवस्थित सफाई के लिए पिछले साल 2 सीवर सक्शन मशीन और 1 विशेष सीवर वाहन की खरीदी की गई। पहले सैनेटरी पैड एवं डायपर जैसे वेस्ट के निष्पादन के लिए एसआरएलएम सेंटर क्षेत्रों में इंसीनेटर मशीन की कमी थी जिसे दूर करते हुए 5 इंसीनेटर मशीनों की स्थापना की गई। शहर के जीवीपी प्वाइंट को चिन्हित कर उन स्थानों की तस्वीर बदली गई।
बिलासपुर,स्वच्छता एवं शहरी विकास का रोल मॉडल बनेगा-तोखन साहू….
केंद्रीय शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा की स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में रिवर फ्रंट टाउन में हमारे शहर का 2 रैंक आना यह दिखलाता है की शासन प्रशासन के साथ ही आम जनता अस्वच्छता को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी शहरवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई, आने वाले समय में बिलासपुर स्वच्छता एवं शहरी विकास का एक नया रोल माइल बनेगा।
सामूहिक प्रयास का नतीजा-अमर अग्रवाल…..
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में बिलासपुर अपनी सहभागिता देते हुए आज इस मुकाम पर पहुंचा है,यह उपलब्धि पूरे शहर की है,यह सबके सामूहिक प्रयास का नतीजा है की बिलासपुर पूरे देश में दूसरे स्थान पर है,इसे बरकरार रखना अब हम सबकी जिम्मेदारी है।
गर्व और गौरव का विषय-धरमलाल कौशिक….
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बिलासपुर को स्वच्छ रिवरफ्रंट टाउन श्रेणी में पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त होना हम सभी बिलासपुरवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। यह उपलब्धि शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और व्यवस्थित विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
सभी बधाई के पात्र है-धर्मजीत सिंह…..
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बिलासपुर को स्वच्छ रिवरफ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिलना शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि जनभागीदारी, बेहतर नगर प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मैं इस उपलब्धि के लिए बिलासपुर की जनता, नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेष रूप से स्वच्छता मित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
सब मिलकर नंबर 1 बनाएंगे-सुशांत शुक्ला……
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा की स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में हमर बिलासपुर का दूसरे स्थान पर चयन होना हम सबके लिए हर्षित एवं गर्व की बात है आने वाले समय में बिलासपुर पहले स्थान पर इसके लिए हम सब मिलकर प्रयास करेंगे।
शहरवासियों को बधाई-महापौर……
स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन करने और राष्ट्रपति से अवार्ड मिलने पर महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने शहरवासियों और निगम कर्मियों को बधाई देते हुए कहा की यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास का नतीजा है,आमजन के सहयोग के बगैर संभव नहीं था। इस उपलब्धि से हमें भविष्य में और भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
सभी को बधाई-कलेक्टर…..
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा की स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे देश में दूसरे स्थान पर आना पूरे बिलासपुर के लिए गर्व का क्षण है, इस उपलब्धि के लिए नगर निगम की टीम और नागरिकों को बधाई। इस उपलब्धि को बरकरार रखते हुए और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा।
टीम वर्क का नतीजा- कमिश्नर…..
ननि आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने निगम की टीम को बधाई देते हुए कहा की “यह उपलब्धि बेहतर टीम वर्क और जनता के सहयोग का परिणाम है,भविष्य में हम और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें, इसके लिए प्रयास जारी रखेंगे”

निगम में मना जश्न,सफाई कर्मियों ने फोड़े पटाखे…..
स्वच्छ सर्वेक्षण में रिवर फ्रंट टाउन के रूप में पूरे देश में 2 रैंक आने पर नगर निगम कार्यालय विकास भवन में मनाया गया जश्न। अधिकारी कर्मचारियों ने एक दूसरे को दी बधाई। इस सफलता के मुख्य सूत्रधार सफाई कर्मियों ने पटाखे फोड़कर और एक दूसरे गुलाल लगाकर जश्न मनाया



