कानन पेंडारी के पास देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा….. दो युवकों के पेट में घुसा रेलिंग का सरिया गंभीर रूप से हुए घायल….एक को आई सामान्य चोट…..

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है।जहां पर सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानन पेंडारी के पास शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो युवकों की हालत गंभीर है, जबकि एक युवक को सामान्य चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग का लोहे का सरिया दो युवकों के पेट में घुस गया। इनमें से एक युवक के पेट में सरिया अभी भी फंसा हुआ है, जबकि दूसरे युवक वेदांत (लगभग 25 वर्ष) के पेट में घुसा सरिया हादसे के दौरान निकल चुका था। दोनों घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। तीसरे युवक को सामान्य चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल सिम्स अस्पताल, बिलासपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के कारण हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button