
राम मंदिर चंदा मामले में कांग्रेस का बड़ा हमला….पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग उठाई…..
बिलासपुर -राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जब ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार की देखरेख में हुआ तो अब पूरे मामले की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच, फोरेंसिक ऑडिट और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं, लेकिन राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे को लेकर सामने आए मामलों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के विश्वास से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों के इस्तीफे और सामने आए तथ्यों से वित्तीय अनियमितताओं की आशंका मजबूत हुई है। पार्टी का कहना है कि यदि सब कुछ सही था तो इस्तीफों की नौबत क्यों आई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर देश के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मामले में छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि शीर्ष स्तर के जिम्मेदार लोगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी ने चंपत राय, अनिल मिश्रा समेत संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने और राम मंदिर के लिए मिले चंदे, भूमि खरीद, निर्माण कार्यों तथा अन्य खर्चों का फोरेंसिक ऑडिट कराने की मांग दोहराई।



