
दिव्यांग वृद्धा की कलेक्टर से गुहार..राशन लेने के लिए परिवार की बेटी को अधिकृत करने की मांग..…
बिलासपुर-न्यायधानी बिलासपुर के चांटीडीह निवासी दिव्यांग वृद्धा आशा रानी मंगलवार को अपनी समस्या लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बेटे, बहू और बेटी के निधन के बाद वह तीन नाती-पोतों के साथ रह रही हैं और परिवार पूरी तरह सरकारी राशन पर निर्भर है।
शारीरिक रूप से असमर्थ होने के कारण उनके लिए हर महीने राशन दुकान तक पहुंचना कठिन हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि परिवार की एक बेटी को उनके स्थान पर राशन लेने के लिए अधिकृत किया जाए, ताकि समय पर खाद्यान्न मिल सके और उन्हें बार-बार परेशान न होना पड़े।
आशा रानी का कहना है कि वह लंबे समय से खाद्य विभाग और प्रशासन के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। अब उनकी नजर जिला प्रशासन के फैसले पर टिकी है कि उनकी मांग पर कब तक कार्रवाई की जाती है।



