छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगा ग्रेन एटीएम ……अब 24 घंटे कभी भी मिलेगा पीडीएस का राशन…….

बिलासपुर- छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। बैंक एटीएम की तर्ज पर अब ग्रेन एटीएम की सुविधा शुरू होने जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत राशन कार्डधारक 24 घंटे अपनी सुविधा के अनुसार मशीन से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे, चाहे राशन दुकान खुली हो या बंद।
राज्य सरकार और वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के सहयोग से इस योजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग में की जा रही है। बिलासपुर में सीपत रोड स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास ग्रेन एटीएम स्थापित करने का कार्य अंतिम चरण में है। अधिकारियों के अनुसार एक सप्ताह के भीतर मशीन तैयार होने के बाद इसका लोकार्पण कराया जाएगा।
ग्रेन एटीएम के जरिए लाभार्थी मशीन की टच स्क्रीन पर अपना आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करेंगे और बायोमेट्रिक सत्यापन (अंगूठे का निशान) देंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद मशीन निर्धारित मात्रा में अनाज सीधे नीचे रखी बोरी या थैले में उपलब्ध करा देगी।
इस नई व्यवस्था से राशन दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी। साथ ही दुकान के खुलने या बंद रहने की चिंता भी खत्म हो जाएगी, क्योंकि ग्रेन एटीएम बैंक एटीएम की तरह 24 घंटे, सातों दिन संचालित रहेगा।
यदि बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग में यह पायलट परियोजना सफल रहती है, तो भविष्य में इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किए जाने की तैयारी है। मशीन का कार्य पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय को जानकारी भेजकर इसके वर्चुअल लोकार्पण की रूपरेखा तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button