
अंतर्राज्यीय हेरोइन तस्कर गिरफ्तार…सप्लायर,खरीददार सहित पांच तस्कर हिरासत में…..
बिलासपुर- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तोरवा पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब और छत्तीसगढ़ के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 97.63 ग्राम हेरोइन, कार, स्कूटी, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 5 लाख 38 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी पंजाब से हेरोइन लाकर बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।गिरफ्तार आरोपियों में अमृतसर पंजाब निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह मुख्य सप्लायर बताए जा रहे हैं, जबकि मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक स्थानीय खरीददार और सप्लाई चैन से जुड़े पाए गए हैं।पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तोरवा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोइन की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।सूचना मिलते ही निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध अल्टो कार क्रमांक CG 22 AB 5247 की जांच की। कार में मौजूद पांचों संदिग्धों से पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद वाहन और बैग की तलाशी लेने पर एक बोतल में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ।पूछताछ में पंजाब से आए आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन को बिलासपुर और आसपास के जिलों में बेचने लाए थे। वहीं मुंगेली निवासी आरोपी खरीददार के रूप में मौके पर मौजूद थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से –97.63 ग्राम हेरोइन,घटना में प्रयुक्त अल्टो कार,एक स्कूटी,पांच एंड्रॉयड मोबाइल
57 हजार 800 रुपये नगद जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।।बिलासपुर पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी प्रदेश के किन-किन जिलों में नशे की सप्लाई कर चुके हैं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमल नारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की भूमिका सराहनीय रही



