
तेल गोदाम में भीषण आग…..दमकल वाहन मौके पर…..क्षेत्र में मची अफरा-तफरी…..
बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सबसे बड़े व्यावसायिक केंद्र व्यापार विहार में शुक्रवार सुबह एक बड़ी आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। तारबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यापार विहार जोन क्रमांक-2 स्थित चौधरी एजेंसी में सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच अचानक धुआं उठता देख आसपास के व्यापारियों ने तत्काल एजेंसी संचालक, फायर ब्रिगेड, पुलिस अधिकारियों और कंट्रोल रूम को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।आगजनी को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को आग बुझाने के कार्य में लगाया गया है। बताया जा रहा है कि एजेंसी में तेल भंडारण के साथ-साथ पैकेजिंग और रिफिलिंग का कार्य भी किया जाता था, जिससे आग के फैलने का खतरा और बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन मंजिला भवन से उठ रहा घना काला धुआं आसमान तक दिखाई दे रहा है। आग की लपटों और धुएं के कारण पूरे व्यापार विहार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने एजेंसी के आसपास दोनों ओर के मार्गों को बंद कर दिया है तथा लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
बगल में थोक आलू प्याज की एजेंसी और लगभग 10 से 15 दुकान एक साथ जुड़ी हुई है जिससे एक गंभीर हादसा होने की आशंका के डर से आसपास के जितने व्यापारी हैं अपना सामान आनन -फानन में खाली करने में लगे हुए
फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
घटना के बाद व्यापार विहार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आग बुझाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।



