विधायक सुशांत शुक्ला ने समाधान शिविर में योजनाओं की समीक्षा की, कहा–हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे शासन की सुविधाएं…..

बिलासपुर–सुशासन तिहार के अंतर्गत मंगला स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित समाधान शिविर में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह के साथ पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद नागरिक को योजनाओं से वंचित न रहना पड़े।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल, पार्षद रमेश पटेल, हेमंत मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मंगला क्षेत्र के दो वार्डों में लगभग 150 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का प्रभाव सीधे लोगों के जीवन में दिखाई दे रहा है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। वहीं महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

महापौर पूजा विधानी ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो नागरिक अब तक किसी योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं, वे समाधान शिविरों में पहुंचकर जानकारी प्राप्त करें और पात्रता अनुसार लाभ उठाएं।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
समाधान शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के तहत कांति बांधे को 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत शिवांगी क्षत्रवाणी को 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा 4 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
शिविर में सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। 5 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा 5 बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम और श्रम विभाग द्वारा सहायता राशि वितरण ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित यह समाधान शिविर शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जहां विधायक सुशांत शुक्ला ने स्वयं उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जनहित सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button