केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में हुए सम्मिलित.. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लिए खेल और युवा शक्ति के विजन को बताया प्रेरणादायी….

बिलासपुर–आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों एवं युवाओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी देशभर के 5,000 से अधिक संस्थानों से जुड़े युवाओं एवं खिलाड़ियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रधानमंत्री ने खेलों को विकसित भारत के निर्माण के व्यापक अभियान से जोड़ते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भारत की खेलशक्ति और युवाशक्ति को एक साथ जोड़कर राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं।

प्रधानमंत्री ने भारत की वैश्विक खेल भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि “ओलंपिक मेडल टैली बढ़ाने के लिए हमें नए खेलों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर उनमें महारत हासिल करनी ही होगी।” उन्होंने कहा कि भारत को उन खेल विधाओं में भी आगे बढ़ना होगा, जिनमें देश की भागीदारी अभी सीमित है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खेल, युवा शक्ति और विकसित भारत को लेकर प्रस्तुत विजन देश के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर, संसाधन और उचित मंच उपलब्ध कराकर भारत को वैश्विक खेल शक्ति के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए व्यापक राष्ट्रीय प्रतिभा खोज अभियान चलाने की घोषणा देश में खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही वर्ष 2036 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल विधाओं में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी और उत्कृष्टता बढ़ाने की दीर्घकालिक सोच देश के खेल भविष्य को नई दिशा देगी।

उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ आज देशभर की खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवा खिलाड़ियों को उनके सपने साकार करने के लिए अवसर एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच बन रहा है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना युवाओं में और अधिक सशक्त होती है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया के नेतृत्व में खेलों को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में नई पहचान मिली है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ खेल संस्कृति को गांवों और शहरों तक मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

श्री साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘जो खेलेंगे, वे खिलेंगे’ की भावना और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से देश की युवा शक्ति नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी तथा भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ खेल जगत में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

Related Articles

Back to top button