
मुंगेली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भव्य स्वागत एवं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रशासन एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ की बैठक….
बिलासपुर–आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने शुक्रवार को मुंगेली जिला कलेक्टर कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित मुंगेली प्रवास एवं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुंगेली के विधायक पुन्नू लाल मोहले के साथ बैठक की। इस दौरान विभिन्न समाजों के सामाजिक प्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि 10 मई को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुंगेली जिले को लगभग ₹320 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे। साथ ही भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, पूज्य गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप एवं माता कर्मा की प्रतिमाओं का अनावरण भी करेंगे।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण को नई गति मिली है। मुंगेली जिले को मिलने वाली विकास परियोजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे, जनसुविधाओं एवं सामाजिक विकास को नई दिशा देंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी समाजों एवं नागरिकों में उत्साह का वातावरण है तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्री साहू ने जिला प्रशासन से कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं आमजन की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक सुझाव दिए।

बैठक उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केसरवानी,जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय सहित सतनामी समाज, राजपूत समाज, साहू समाज, अनुसूचित जाति मोर्चा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।




