तोरवा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन….चोरी, छेड़छाड़ और नाबालिग से दुष्कर्म के तीन मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार…..

बिलासपुर–तोरवा थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी, महिला से छेड़छाड़ तथा नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में चोरी गई संपत्ति भी बरामद की गई।

पहले मामले में ग्राम ढेका निवासी श्रवण कुमार ने 27 जून को शिकायत दर्ज कराई कि वह मुक्तिधाम के पास स्थित शराब भट्ठी के समीप नशे की हालत में था। इसी दौरान दो युवक उसे अपने साथ ले गए और उसकी पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा सोने की बाली चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर देवरीडीह निवासी अनीस मसीह (40 वर्ष) तथा देवरीखुर्द निवासी अरुण उर्फ गोलू नेताम (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली बरामद कर ली।

दूसरे मामले में देवरीडीह निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि 29 जून की शाम करीब 7:30 बजे मोहल्ले के राम मोंगरे ने उसका हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की तथा उसकी लेगिंग फाड़ दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

तीसरे और गंभीर मामले में एक नाबालिग किशोरी ने शिकायत दर्ज कराई कि पढ़ाई के दौरान परिचित बने अभिषेक धीरज, निवासी सिलपहरी, सिरगिट्टी, ने उसे अपने झांसे में लेकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए तथा लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी उसे ब्लैकमेल करता था। मामला दर्ज होते ही तोरवा पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
तोरवा पुलिस ने तीनों मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों, महिला अपराधों तथा बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button