
खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई….. अभियान में 13 फल दुकानों की जांच…..40 किलो खराब आम नष्ट….
बिलासपुर- जिला बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के निर्देश तथा कलेक्टर बिलासपुर के मार्गदर्शन में 3 दिवसीय विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न फल विक्रेताओं एवं दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों की टीम ने कुल 13 फल विक्रेता फर्मों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन, खाद्य पंजीयन की वैधता तथा फलों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे सड़े-गले एवं खराब फलों का विक्रय न करें तथा फलों को पकाने के लिए केवल नियमानुसार स्वीकृत प्रक्रिया का ही उपयोग करें।
जांच के दौरान शनिचरी बाजार स्थित जय माता दी फ्रूट भंडार से 10 किलो खराब आम तथा शशि फल भंडार शनिचरी बाजार मंडी से 30 किलो खराब आम पाए गए। फलों की गुणवत्ता खराब होने के कारण कुल 40 किलो आम का मौके पर ही नष्टीकरण कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी फल विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पंजीयन कराने, स्वच्छता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक समझाइश भी दी गई।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस प्रकार की जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



