
हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार….आर्म्स एक्ट के तहत हुई कार्रवाई…..
बिलासपुर-शहर में अवैध हथियार लेकर आम लोगों, महिलाओं और बच्चों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ थाना सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार और एक चापड़ बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिले में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 27 मई 2026 को थाना सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अलग-अलग स्थानों पर हाथों में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं तथा गाली-गलौज कर क्षेत्र में दहशत फैला रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना सरकंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रामायण चौक एवं पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास मेन रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम (21 वर्ष) निवासी चांटीडीह रामायण चौक, सरकंडा तथा राजा ठाकुर (24 वर्ष) निवासी सूर्या चौक चिंगराजपारा, सरकंडा शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लोहे की धारदार तलवार और चापड़ बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक विदेशीराम साहू, शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक रंतिज खांडे, वीरेन्द्र साहू, विवेक राय एवं संजीव जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



