
तेलीपारा क्षेत्र में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश…… इलाके में फैली सनसनी…..
बिलासपुर–शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलीपारा इलाके में एक युवक की दो से तीन दिन पुरानी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान तालापारा निवासी इब्रान खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव काफी समय पुराना होने के कारण उसमें सड़न शुरू हो चुकी थी। स्थानीय लोगों द्वारा दुर्गंध आने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था, हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिचितों से पूछताछ कर युवक की गतिविधियों और अंतिम बार उसे किसके साथ देखा गया था, इसकी जानकारी जुटा रही है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


