स्कूल के मिड-डे मील का 5 क्विंटल चावल चोरी का अकलतरा पुलिस ने किया खुलासा……चार नाबालिक आरोपी सहित खरीददार गिरफ्तार……

जांजगीर-चांपा–अकलतरा थाना पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला संजय नगर से मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना के लिए रखे गए 5 क्विंटल चावल की चोरी का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में अनिल साहू (36 वर्ष) निवासी संजय नगर, अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, चोरी की वारदात में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, मदर मेरी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि समूह द्वारा संचालित मध्याह्न भोजन योजना के लिए स्कूल के एक कमरे में सुरक्षित रखे गए 5 क्विंटल चावल 9-10 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी कर लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी का चावल अनिल साहू की दुकान में बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने अनिल साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पूरे 5 क्विंटल चावल बरामद कर लिए।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, उप निरीक्षक आशीष गंधर्व, आरक्षक शेष नारायण साहू और महेंद्र राज की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button