जनसंघ से जुड़े पिता बने प्रेरणा….. पार्टी कार्यकर्ता बने राजनीतिक गुरु–भूपेंद्र सवन्नी…..बिलासपुर प्रेस क्लब के ‘पहुना’ कार्यक्रम में सवन्नी ने साझा किया विद्यार्थी जीवन से राजनीतिक सफर तक का अनुभव…..

बिलासपुर–विद्यार्थी जीवन से राजनीतिक संगठन में सक्रिय होकर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक दायित्वों तक पहुंचने वाले जमीनी नेता और क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के पारंपरिक कार्यक्रम ‘पहुना’ में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन परिचय, पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि, संगठनात्मक संघर्ष और विभिन्न दायित्वों के दौरान मिले अनुभवों को खुलकर साझा किया।
सवन्नी ने कहा कि राजनीति में आगे बढ़ने की महत्वाकांक्षा हर व्यक्ति के भीतर होती है, लेकिन आगे की दिशा पार्टी के निर्णय और संगठन की जिम्मेदारी के आधार पर ही तय होती है। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा का श्रेय अपने पिता स्वर्गीय इन्द्रसेन सवन्नी को देते हुए कहा कि उनके पिता बिल्हा क्षेत्र में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में रहे और उनकी राजनीतिक सक्रियता ही उनके लिए प्रेरणा बनी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1987 में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सक्रिय रूप से पार्टी के लिए काम करना शुरू किया। उस समय बिल्हा में पहली बार जनसंघ की ओर से सरपंच निर्वाचित हुआ था। जीत के बाद निकली विजय रैली से प्रभावित होकर उन्होंने एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़कर काम शुरू किया। विद्यार्थी जीवन में भी उन्हें चुनावों के दौरान एजेंट के रूप में जिम्मेदारियां दी जाती थीं।

वार्ड अध्यक्ष से प्रदेश महामंत्री तक का सफर…..

भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि पारिवारिक पृष्ठभूमि और लगातार सक्रियता के चलते उन्हें संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलती गईं। वार्ड अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष जैसे दायित्वों के बाद वर्ष 1993 में बिल्हा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। इसी दौरान बिल्हा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के रूप में धरमलाल कौशिक को टिकट मिला और उन्हें चुनाव संचालन की जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिला। उस चुनाव में भाजपा को करीब 187 मतों से हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 1998 में उन्हें दोबारा चुनाव संचालन की जिम्मेदारी मिली। संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यकुशलता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें भाजपा जिला महामंत्री का दायित्व सौंपा।

उन्होंने बताया कि उस दौर में बिलासपुर जिले में 9 विधानसभा सीटें हुआ करती थीं, जिनमें भाजपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। संगठनात्मक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के बाद वर्ष 2010 में जिलाध्यक्ष से प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपा गया। वर्ष 2013 में पार्टी ने उन्हें दोबारा प्रदेश महामंत्री बनाया और वर्ष 2020 में तीसरी बार यह जिम्मेदारी दी गई।

30 लाख ऑनलाइन सदस्य बनाने के लक्ष्य की मिली जिम्मेदारी…..

भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि भाजपा के ऑनलाइन सदस्यता अभियान के दौरान उन्हें छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाया गया था। प्रदेश में 30 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। इसके बाद संगठन ने उन्हें पार्टी प्रवक्ता का दायित्व सौंपा। आगे चलकर उन्हें हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी मिली। हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष रहते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के भव्य शुभारंभ का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि नया रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में योजना का शुभारंभ कराया गया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को आवास नहीं मिलने से आमजन में निराशा और अविश्वास की भावना बनी। उनके अनुसार, इसका राजनीतिक लाभ बाद में भाजपा को प्रदेश में मिला।

कभी कांग्रेस का गढ़ रहा बिल्हा अब भाजपा का गढ़….
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने अपने राजनीतिक सफर के साथ बिल्हा के बदलते राजनीतिक समीकरणों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय बिल्हा को कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, लेकिन आज यह भाजपा के मजबूत गढ़ के रूप में पहचान बना चुका है। वर्तमान में क्रेडा अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि क्रेडा के माध्यम से प्रदेशभर में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं को राजनीतिक जनभावनाओं से ऊपर उठकर आम जनता के हित में आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र सवन्नी ने अपने राजनीतिक जीवन के उतार-चढ़ाव, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और कार्यकर्ता के रूप में बिताए शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता उनके लिए प्रेरणा रहे, जबकि पार्टी में काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता और संगठन उनके राजनीतिक गुरु बने। यही मार्गदर्शन उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजयक्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह कार्यकारणी सदस्य कैलाश यादव ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और साल-प्रतीकचिन्ह भेंट कर उनका अभिवादन किया! प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा सहित प्रेस क्लब सदस्य और पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button