
अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार….
बिलासपुर–महिला संबंधी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसे लेकर ब्लैकमेल व प्रताड़ित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में प्रार्थी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कृषि परिवहन व्यवसाय से जुड़े कार्यों की देखरेख के लिए आरोपियों को रखा गया था। हिसाब-किताब में बेईमानी पाए जाने के बाद उन्हें काम से हटा दिया गया था।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 9 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपियों ने कमल चौहान के पास पहुंचकर जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने एक महिला का अश्लील वीडियो मोबाइल पर दिखाते हुए उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, इस कृत्य के जरिए महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए उसे प्रताड़ित किया गया।
शिकायत के आधार पर मस्तूरी थाने में अपराध क्रमांक 542/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मस्तूरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी और अजय चौधरी (23), नरेश पटेल (24) और पिताम्बर सिंह (38), सभी निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने महिला का अश्लील वीडियो वायरल करने की घटना में संलिप्तता स्वीकार की।




