रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) का राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह सम्पन्न….. केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित….. छत्तीसगढ़ में 10 प्रमुख सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा……
बिलासपुर–रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की छत्तीसगढ़ राज्य समिति द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार, 09 सितंबर को बिलासपुर में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री एवं रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले रहे।
कार्यक्रम में मूल निवासी मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिकर भारती तथा Mother’s Pride World School के चेयरमैन सबिनो डिसूजा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 19 विशिष्ट व्यक्तियों को ‘गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इन व्यक्तियों को समाज के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान एवं जनहित में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
चार चरणों में हुआ आयोजन……
केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले के बिलासपुर प्रवास एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की पूरी श्रृंखला का आयोजन एवं संचालन चार प्रमुख चरणों एवं स्थलों पर किया गया।
इन सभी कार्यक्रमों के व्यवस्थापन एवं संचालन की जिम्मेदारी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रवक्ता श्री आकाश आफले ने निभाई। श्री आकाश आफले, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा आफले के सुपुत्र हैं। आकाश आफले मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र से भी जुड़े हुए हैं। वे लोकप्रिय सेलिब्रिटी टॉक शो ‘दिल से’ के होस्ट हैं तथा मुंबई स्थित एक आर्टिस्ट एवं सेलिब्रिटी मैनेजमेंट एजेंसी के संस्थापक भी हैं। राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के साथ मीडिया एवं इवेंट प्रबंधन के अपने अनुभव का उपयोग करते हुए उन्होंने चारों कार्यक्रमों के समन्वय एवं संचालन की जिम्मेदारी निभाई।
भव्य स्वागत से शुरू हुआ मंत्री श्री आठवले का बिलासपुर प्रवास…..
केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले के छत्तीसगढ़ प्रवास एवं बिलासपुर आगमन की शुरुआत भारतीय नगर स्थित मिनी माता चौक से हुई। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
इसके पश्चात श्री आठवले रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा आफले के भारतीय नगर स्थित निवास पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
इसके बाद रामदास आठवले एवं उषा आफले नेहरू चौक पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा ढोल-ताशों, आतिशबाजी एवं बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में 10 प्रमुख सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान…..
नेहरू चौक के पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री श्री रामदास आठवले, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा आफले तथा पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री अभिषेक वर्मा ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी ने छत्तीसगढ़ में आगामी चुनावों को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति स्पष्ट करते हुए राज्य की 10 प्रमुख विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की।
आरक्षण के मुद्दे पर रामदास आठवले ने कहा कि आरक्षण को समाप्त करने के विषय में अभी जल्दबाजी उचित नहीं है तथा इस विषय पर समयानुकूल विचार किया जाना चाहिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात……
इसके पश्चात रामदास आठवले, उषा आफले एवं प्रदेश प्रभारी अभिषेक वर्मा ने माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से उनके निवास पर मुलाकात की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत सिंह शुक्ला, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, बिलासपुर में आयोजित किया गया, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री श्री रामदास आठवले एवं प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा आफले ने पार्टी की राज्य समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
पार्टी द्वारा बिलासपुर के तिफरा स्थित बीड़ी कॉलोनी में रहने वाले गरीब एवं आवासविहीन लोगों के लिए स्थायी आवास की मांग को पार्टी के प्रमुख जनहित एजेंडे में शामिल करने की घोषणा की गई। पार्टी इस विषय को संबंधित स्तर पर उठाकर प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी आवास की दिशा में प्रयास करेगी।
इसके साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने बिलासपुर जिले में रोजगार की आवश्यकता रखने वाले पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर व्यक्तिगत स्तर पर संबंधित पक्षों के समक्ष बात रखने का आश्वासन दिया।
छत्तीसगढ़ में व्यापक सदस्यता अभियान की तैयारी…..
कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने की घोषणा भी की गई।
राज्य एवं जिला स्तर के कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा संगठन को जमीनी स्तर तक विस्तार देने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया गया।
श्रीमती उषा आफले ने कहा कि पार्टी छत्तीसगढ़ में सामाजिक न्याय, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के अधिकारों तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने पार्टी के संगठनात्मक विस्तार तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण दिशा निर्धारित की।



