
रतनपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा…..दो दोस्तों की मौत…..एक घायल
बिलासपुर–तेज रफ्तार ने फिर एक बार जानलेवा साबित हुई। बिलासपुर–रतनपुर हाईवे पर 4 मई की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रात करीब 12:30 बजे का बताया जा रहा है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक तामेश्वर, जोगेश पटेल और दुर्गेश पटेल एक ही बाइक पर सवार होकर बिलासपुर से कोरबा जिले के हरदी बाजार गांव जा रहे थे। रास्ते में रतनपुर के पास उनकी पल्सर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई,तेज रफ्तार के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक मोटरसाइकल सहित सड़क पर गिर गए,जहां पर तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान जोगेश पटेल को सिम्स अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तामेश्वर ने एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
वहीं, हादसे में घायल दुर्गेश पटेल का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और बाइक पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि लापरवाही और तेज रफ्तार सड़क पर मौत को दावत देने के समान है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।



