सर्पदंश से 12 वर्षीय छात्रा की मौत…..

बिलासपुर-जिले में बारिश के साथ सर्पदंश की घटनाएं बढ़ रही हैं। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार में सोमवार रात जहरीले सांप के डसने से सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपनी मां के साथ घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। इसी दौरान बिस्तर में पहुंचे सांप ने उसे डस लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कड़ार निवासी शनि कुमार सूर्यवंशी की 12 वर्षीय बेटी अनु कुमारी सातवीं कक्षा की छात्रा थी। सोमवार रात वह अपनी मां के साथ जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान बिस्तर में सांप आ गया और उसने अनु को डस लिया। सांप के डसने का अहसास होने पर छात्रा ने तत्काल अपनी मां को इसकी जानकारी दी।
परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति में परिजन छात्रा को सिम्स लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना सिम्स प्रबंधन ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
बारिश में बढ़ा सर्पदंश का खतरा……
लगातार बारिश के चलते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं सामने आ रही हैं। घरों में नमी और पानी भरने के कारण सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों के अंदर पहुंच सकते हैं। ऐसे में जमीन पर सोने वाले परिवारों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button