
श्रीराम लला के प्राणप्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर भव्य महाआरती……जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा कोसला धाम…..
कोसला– श्रीराम की माता कौशल्या की जन्मभूमि कोसला धाम में श्रीराम लला की प्राणप्रतिष्ठा के वर्षगांठ पर संत समागम व भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।

नैला जांजगीर जिला अंतर्गत पामगढ़ के समीप स्थित कोसला धाम में अयोध्या में भगवान श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को दो वर्ष पूरे होने महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में सुबह से ही भजन कीर्तन और प्रवचन का सिलसिला चलता रहा।

साथ ही भंडारे व प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, समाज के प्रबुद्ध नागरिक तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। माता कौशल्या मंदिर में श्रीराम लला की महाआरती के दौरान “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन समिति के गौरव तिवारी व देव साहू ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति के मूल्यों के प्रति जन-जन में आस्था को प्रबल करना, सामाजिक एकता एवं समरसता को सुदृढ़ करना रहा। आरती उपरांत श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के चरणों में शांति, समृद्धि और सद्भावना की कामना की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राम गोपाल दास महाराज (मारुती धाम, देवरघटा),सर्वेश्वर दास महाराज (कोटमी सोनार), विधायक शेषराज हरबंश, पूर्व विधायक अंबेस जांगड़े की उल्लेखनीय सहभागिता रही। अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।





